
नई दिल्ली, 02 मई – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने इस बार रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह हासिल किया है। पंजाब के इतिहास में अब तक के इस सबसे बड़े राजस्व वृद्धि के लिए अरविंद केजरीवाल सहित अन्य नेताओं ने मान सरकार के ईमानदार शासन को श्रेय दिया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछली सरकारें अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए “पैसे नहीं हैं” का बहाना बनाती थीं, लेकिन सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब ने यह साबित कर दिया है कि समस्या पैसों की नहीं, बल्कि नीयत की थी।
केजरीवाल ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा ‘एक्स’ पर साझा किए गए जीएसटी आंकड़ों को री-ट्वीट करते हुए कहा कि दशकों तक सरकारें अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए धन की कमी का हवाला देती रहीं, लेकिन अब ईमानदार शासन के कारण पंजाब के राजस्व में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इस बढ़े हुए राजस्व का उपयोग अब राज्य की जनता की सेवा के लिए किया जा रहा है, जो आम आदमी पार्टी के मॉडल को दर्शाता है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने एक वर्ष में जीएसटी संग्रह में ऐतिहासिक 66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। यह पंजाब के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक वृद्धि है और यह सभी प्रमुख राज्यों तथा राष्ट्रीय औसत से भी अधिक है।









