
चंडीगढ़, 4 मई:
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नरेश कुमार, वसीका नवीन (पटियाला) के खिलाफ 15,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला हरियाणा के जिला कैथल के प्रोफेसर कॉलोनी, चीका के एक निवासी द्वारा मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के रिश्तेदार ने जिला पटियाला में जमीन खरीदी थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी नरेश कुमार, वसीका नवीन ने जमीन की रजिस्ट्री कराने के बदले 15,000 रुपये रिश्वत ली। रिश्वत लेते समय आरोपी ने तहसीलदार के ड्राइवर और पटवारी को मौके पर बुलाया। इसके बाद तहसीलदार ने रजिस्ट्री दर्ज कर दी।
उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
इस संबंध में उक्त आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।








