गैंगस्टरों पर वार का 105वां दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 586 स्थानों पर छापेमारी, 249 गिरफ्तार

चंडीगढ़, 5 मई— मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 105वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 586 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान 20 जनवरी 2026 को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाना है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से राज्य के सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार विशेष अभियान चला रही हैं।
105वें दिन की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने एक हथियार सहित 249 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 26,729 हो गई है।
इसके अलावा 77 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 33 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी साझा करें।
इस दौरान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के 430वें दिन भी कार्रवाई जारी रही, जिसमें 126 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 614 ग्राम हेरोइन, 733 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1350 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पिछले 430 दिनों में इस मुहिम के तहत कुल 62,639 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही पंजाब पुलिस ने 15 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।









