पंजाबराजनीति

हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी विरोधी सरकारों को कुचलने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है।

चंडीगढ़, 9 मई: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह देशभर में विपक्षी दलों को कुचलने के लिए लोकतंत्र को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब को निशाना बनाने पर 3 करोड़ पंजाबी भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे। साथ ही उन्होंने भाजपा की कथित बदले की राजनीति और डराने-धमकाने की नीति के खिलाफ राज्यभर में भाजपा कार्यालयों के घेराव का ऐलान भी किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव थापर और लाला लाजपत राय जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों से स्थापित लोकतंत्र आज खतरे में है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा तैयार संविधान को भाजपा की तानाशाही राजनीति से खतरा पैदा हो गया है।

केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां विपक्षी दलों की सरकारें हैं और चुनाव होने वाले होते हैं, वहां भाजपा पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां भेजती है। उन्होंने कहा कि डर और असुरक्षा का माहौल बनाने के लिए चुनाव आयोग का भी इस्तेमाल किया जाता है, जबकि भाजपा शासित राज्यों में ऐसी कार्रवाई नहीं होती।

पंजाब में हाल ही में हुई ईडी कार्रवाई का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनावों के बाद ईडी ने अपना ध्यान पंजाब की ओर मोड़ लिया। उन्होंने दावा किया कि पहले कारोबारी और सांसद अशोक मित्तल को निशाना बनाया गया और उन पर भाजपा में शामिल होने का दबाव डाला गया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी की गई।

हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा का मॉडल साफ है—जो डर जाते हैं वे भाजपा में शामिल हो जाते हैं और जो मना करते हैं उन्हें जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी राज्यों में भय का माहौल बनाकर नेताओं को झुकाने या केंद्रीय एजेंसियों के जरिए फंसाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की क्रांतिकारी विरासत को कोई दबा नहीं सकता, क्योंकि पंजाबियों की रगों में शहीदों और क्रांतिकारियों का खून दौड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने ऐसी कार्रवाइयां जारी रखीं तो पंजाब के लोग इसका कड़ा जवाब देंगे।

वित्त मंत्री ने संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा करते हुए घोषणा की कि रविवार को ‘आप’ कार्यकर्ता और वालंटियर पूरे पंजाब में भाजपा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनों के जरिए यह उजागर किया जाएगा कि किस प्रकार भाजपा राजनीतिक बदले की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है और लोकतंत्र व संविधान के लिए खतरा बनती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button