
चंडीगढ़, 12 मई: पंजाब के कैबिनेट मंत्री Aman Arora ने आज उद्योग भवन, चंडीगढ़ में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया।
गौरतलब है कि श्री अरोड़ा पहले से ही रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी जैसे प्रमुख विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं।
पदभार संभालने के बाद श्री अरोड़ा ने पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal का उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता लालफीताशाही को समाप्त कर और टिकाऊ उद्योगों को बढ़ावा देकर पंजाब को सबसे पसंदीदा निवेश स्थल बनाना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि हर औद्योगिक विस्तार में स्थानीय लोगों को रोजगार मिले। इसके अलावा औद्योगिक नीति, हरित ऊर्जा, कौशल विकास और प्रशासनिक सुधारों को आपस में जोड़कर राज्य में सुचारु वातावरण तैयार किया जाएगा।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “मेरा लक्ष्य पंजाब को ‘व्यवसाय करने में सुगम’ राज्य के रूप में स्थापित करना है, जहां हमारे युवाओं के लिए सम्मानजनक और कौशल-आधारित रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।”
उन्होंने आगे कहा कि उद्योग एवं वाणिज्य अब कौशल विकास और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ चुके हैं, जिससे राज्य में एक सर्कुलर अर्थव्यवस्था का निर्माण होगा, जहां विकास, हरित ऊर्जा और रोजगार साथ-साथ आगे बढ़ेंगे।
इससे पहले उद्योग भवन पहुंचने पर श्री अरोड़ा का स्वागत उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव गुरकिरत किरपाल सिंह, पंजाब विकास आयोग की उपाध्यक्ष सीमा बंसल, इनवेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका, सचिव उद्योग महिंदर पाल, निदेशक उद्योग जसप्रीत सिंह, पंजाब इन्फोटेक के एमडी एच.एस. बराड़, पीएसआईडीसी के एमडी हरप्रीत सिंह सूदन तथा पंजाब वित्त निगम की एमडी सेनू दुग्गल ने किया।
श्री अमन अरोड़ा ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की और अधिकारियों को प्रगति पर चल रहे औद्योगिक परियोजनाओं में तेजी लाने तथा राज्य में अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।









