पंजाबराजनीति

पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा मतगणना प्रणाली को मजबूत बनाने संबंधी कार्यशाला आयोजित।

चंडीगढ़, 18 मई: मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के कार्यालय द्वारा आज यहां इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट के सहयोग से मतगणना प्रक्रिया की मजबूती (रॉबस्टनेस ऑफ वोट काउंटिंग प्रोसेस) संबंधी एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में पंजाब के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा के चुनाव अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय को मतगणना प्रक्रिया की मजबूती पर अध्ययन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अध्ययन के दौरान दुनिया के 48 लोकतांत्रिक देशों की मतगणना प्रणालियों का अध्ययन किया गया और पाया गया कि भारत में लागू मतगणना प्रणाली अत्यंत प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अध्ययन टीम के सदस्य डॉ. अभिनंदन बस्सी ने बताया कि यह अध्ययन मतगणना से पहले और बाद में उत्पन्न होने वाले मुद्दों को आधार बनाकर किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में चुनावों को लेकर जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह देखा गया कि मतगणना प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय कैसे बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मतगणना से पहले ईवीएम की सीलिंग, परिवहन और स्टोरेज से लेकर परिणामों की घोषणा तक की सभी प्रक्रियाओं को जितना बेहतर तरीके से लागू किया जाएगा, चुनाव प्रक्रिया उतनी ही अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनेगी।

इस अवसर पर उन्होंने ईवीएम, बैलेट पेपर और हाइब्रिड प्रणाली के माध्यम से चुनाव कराने वाले देशों की अध्ययन रिपोर्ट भी प्रस्तुत की और बताया कि ईवीएम के जरिए चुनाव प्रक्रिया को सबसे बेहतर तरीके से कैसे संपन्न किया जा सकता है।

इस मौके पर अभिजीत कपलिश, आईएएस ने दक्षिण अफ्रीका और भारत की मतगणना प्रक्रियाओं का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भारतीय जनप्रतिनिधित्व अधिनियम नागरिकों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया के दौरान तकनीक के उपयोग में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। साथ ही भारत में चुनाव प्रक्रिया अत्यधिक पारदर्शिता और तेज गति से संपन्न कराई जाती है।

संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी नवनीत कौर बल्ल ने इस अवसर पर कहा कि चुनाव प्रक्रिया की अखंडता और चुनाव परिणामों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए और अधिक मेहनत से काम करने की आवश्यकता है, ताकि भारतीय चुनाव प्रणाली में जनता का विश्वास और अधिक मजबूत किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button