राजनीति
पंजाब के आप विधायक धालीवाल ने राज्यपाल से उझ बांध की मांग केंद्र के समक्ष उठाने को कहा

पंजाब के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की और उनसे उझ नदी पर बांध बनाने की मंजूरी की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इससे अमृतसर के अजनाला और जिले के अन्य हिस्सों में बार-बार आने वाली बाढ़ को रोकने में मदद मिलेगी। उझ नदी जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से होकर बहती है और रावी नदी की एक प्रमुख सहायक नदी है। अधिकारियों के अनुसार, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण अक्सर उझ नदी में अचानक बाढ़ आ जाती है, जिससे अमृतसर और गुरदासपुर जिलों में नुकसान होता है।









