नेपाल की ‘ग्रीन हाउस’ कहानी: 40 साल पुराना घर सैलाब में भी टिका रहा, मालिक ने सुनाया खौफनाक मंजर

जब नेपाल की त्रिशूली नदी में आई भयानक बाढ़ गाड़ियों, इमारतों और सामान को बहा ले जा रही थी, तब नुवाकोट जिले में हरे रंग का 40 साल पुराना एक घर काफी हद तक सुरक्षित रहा। 26 अगस्त को आई इस विनाशकारी बाढ़ की तस्वीरों में यह घर सबसे खास तस्वीरों में से एक बन गया। घर के मालिक प्रकाश के लिए, इसका बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं था। जब बाढ़ का पानी इमारत के चारों ओर फैल गया और ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, तो उन्हें सबसे बुरा होने का डर सताने लगा।
प्रकाश ने बताया, “जब आपको लगे कि यह आपकी जिंदगी का आखिरी पल हो सकता है, तो आप क्या सोच सकते हैं? मुझे लगा कि शायद हमारी जिंदगी खत्म होने वाली है। जैसे-जैसे पानी का स्तर बढ़ता गया, परिवार को ऊपरी मंजिंलों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। घर में छह लोग थे। मैं भी वहीं था। मेरे परिवार के पांच सदस्य घर के अंदर थे।”









