राज्यहरियाणा

गुरुग्राम में जलभराव होने पर बड़ा एक्शन, जेई सस्पेंड; बारिश के दौरान बंद मिला मोबाइल फोन

गुरुग्राम: भारी बारिश के बाद शुक्रवार को गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव देखा गया। जलभराव के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जेई मनोज को निलंबित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, वार्ड-14 में जलभराव के दौरान फील्ड से अनुपस्थित रहने पर जेई मनोज को निलंबित किया गया है। ये कार्रवाई निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने की। बारिश के दौरान जेई का मोबाइल फोन भी बंद मिला।

जेई मनोज पर जलभराव की स्थिति में मशीनरी और डी-वाटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी थी। समय पर सहायता और प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर निगमायुक्त ने कार्रवाई की। बिना पूर्व अनुमति गुरुग्राम से बाहर जाने की बात सामने आ रही है। निगमायुक्त ने कहा कि हरियाणा सिविल सर्विसेज पनिशमेंट एंड अपील रूल्स, 2016 के तहत की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

भारी बारिश के बाद लंबा ट्रैफिक जाम

बता दें कि भारी बारिश से दिल्ली और गुरुग्राम की कई सड़कें पानी से भर गईं, जिससे मुख्य जगहों पर ट्रैफिक जाम लग गया। भारी बारिश के बाद साइबर सिटी कमर्शियल हब, शंकर चौक और शीतला माता रोड पर भारी जलजमाव देखा गया। भारी बारिश के बाद दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के पास दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे सैकड़ों यात्री घंटों तक फंसे रहे। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के महिपालपुर में शिव मूर्ति के पास ट्रैफिक की रफ़्तार धीमी हो गई और शाम 6.30 बजे तक जाम की कतार गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-IV तक पहुंच गई।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बना 15 फीट गहरा गड्ढा

इससे पहले भी बारिश होने के बाद गुरुग्राम में जलभराव देखा जा चुका है। बारिश के दौरान गुरुग्राम में जलजमाव और ट्रैफिम जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभी हाल में ही गुरुग्राम के इफ्को चौक पर एक मास्टर सीवर लाइन के ढहने के बाद सर्विस रोड पर एक बड़ा गड्ढा (सिंकहोल) बन गया था, जिससे शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक पर ट्रैफिक जाम हो गया। यह घटना शहर भर में भारी बारिश के कारण जलभराव होने के एक दिन बाद हुई। यह घटना वेस्टिन होटल के पास हुई, जब सर्विस रोड का एक हिस्सा धंस गया, जिससे दिल्ली-जयपुर की तरफ 10 फीट गुणा 10 फीट का गड्ढा बन गया। ट्रैफिक पुलिस ने उस जगह पर बैरिकेडिंग कर दी और आने-जाने वालों को दूसरे रास्तों पर भेज दिया, साथ ही इमरजेंसी रिपेयर टीमों को भी तैनात किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button