Modi-Trump Talks: PM मोदी और ट्रंप के बीच फोन कॉल, व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत को ‘सार्थक’ बताया। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा की। दोनों ने ने वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े जारी प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बातचीत के दौरान व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में दोनों देशों के सहयोग की समीक्षा की गई। उन्होंने और राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका की ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को आगे बढ़ाने के लिए निकट संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। दोनों देशों के बीच व्यापार और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए बातचीत जारी है।
द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर वार्ता जारी
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर वार्ता जारी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अमेरिका की यात्रा पर हैं, जहां व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर अमेरिकी अधिकारियों के साथ चर्चा प्रस्तावित है।
भारत-अमेरिका संबंधों में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और रणनीतिक तकनीक लंबे समय से प्रमुख सहयोग क्षेत्र रहे हैं। जून 2026 में भी मोदी और ट्रंप ने इन क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की थी और व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।









