
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को मोहाली में 866 नौजवानों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने साढ़े चार साल में पूरी पारदर्शिता के साथ 69,094 सरकारी नौकरियां दी हैं। भर्ती में पैसे और सिफारिश के बजाय योग्यता, मेहनत और मेरिट को आधार बनाया गया है।
मान ने बताया कि इनमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 636, शुगरफेड के 101, वित्त विभाग के 57, रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के 51, सहकारिता विभाग के 11 और गृह विभाग के 10 पद शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग में 614 स्टाफ नर्सों के अलावा तीन फार्मासिस्ट, 13 मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर (पुरुष), दो वार्ड अटेंडेंट, एक दर्जा-चार कर्मचारी और तीन स्वीपर की नियुक्तियां हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का सिस्टम पर भरोसा बढ़ा है और विदेश जाने का रुझान कम हुआ है। उन्होंने कहा कि 2026 की नीट परीक्षा में सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की, जबकि 2021 में केवल 80 विद्यार्थियों ने नीट पास की थी। मान ने कहा कि सरकार ने सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ शिक्षकों को आईआईएम अहमदाबाद के अलावा सिंगापुर और फिनलैंड में प्रशिक्षण के लिए भेजा। उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों से मेहनत, विनम्रता और ईमानदारी से काम करने तथा जरूरतमंद और पिछड़े वर्गों की सेवा करने की अपील की।









