
चंडीगढ़/अमृतसर, 19 जून: सीमा पार से हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पंजाब ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 25 पिस्तौल सहित कुल 26 आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
उल्लेखनीय है कि पंजाब पुलिस ने आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह ऑपरेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर द्वारा अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन खोसला निवासी रूपनगर कॉलोनी, अमृतसर के रूप में हुई है। उसे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 नौ एमएम और 11 .30 बोर के विभिन्न विदेशी ब्रांडों के पिस्तौल बरामद किए हैं, जिनमें नोरिन्को स्टार मार्क, ग्लॉक, जिगाना, टॉरस और वाल्थर जैसे हथियार शामिल हैं। इसके अलावा 368 जिंदा कारतूस और 48 मैगजीन भी बरामद की गई हैं।
भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद करने के अलावा पुलिस ने अमेरिका निर्मित एक बुलेटप्रूफ जैकेट भी जब्त की है। साथ ही आरोपी की हुंडई आई-20 कार (नंबर PB-02-EJ-2347), जिसका इस्तेमाल हथियारों की तस्करी में किया जा रहा था, को भी कब्जे में लिया गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ऑस्ट्रेलिया स्थित एक हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहा था। उक्त हैंडलर ने सोशल मीडिया एप्लिकेशन के माध्यम से हथियारों की खेप के ड्रॉप लोकेशन की जानकारी साझा की थी।
उन्होंने कहा कि मामले में आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं तथा पूरे आतंकी नेटवर्क और सीमा पार हथियार तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच जारी है।
ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एसएसओसी अमृतसर के एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि बीएसएफ से सूचना मिली थी कि बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) शाहपुर क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप गिराई गई है। सूचना के आधार पर एसएसओसी अमृतसर और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हुंडई आई-20 कार में जा रहे संदिग्ध रोहन खोसला को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान 25 आधुनिक पिस्तौल, एक एके-47 राइफल, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और मैगजीन तथा अमेरिका निर्मित एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की गई।
एआईजी ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने ऑस्ट्रेलिया स्थित हैंडलर के निर्देशानुसार इस खेप को आगे अन्य सहयोगियों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय कड़ी के रूप में काम कर रहा था। मामले की आगे जांच जारी है।
इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में एफआईआर नंबर 39 दिनांक 19 जून 2026 के तहत शस्त्र अधिनियम की धारा 25, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 और 61(2) तथा भारतीय वायुयान अधिनियम की धाराओं 25, 26, 27, 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।









