
ड्यूटी से रातभर महिला चिकित्सक शालिनी सिंह के गायब रहने पर सदर अस्पताल में एक गर्भवती और एक प्रसूता के मौत की सूचना पर खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह रविवार की दोपहर बाद सदर अस्पताल पहुंची।
जहां घटना की जानकारी लेने के बाद मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते आग बबूला हो गई। बारी-बारी से लोगों की शिकायत मिलने पर मंत्री श्रेयशी सिंह का भी आक्रोश डॉक्टर शालिनी सिंह के नहीं रहने पर सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर थनीष कुमार और इमरजेंसी के चिकित्सक पर फूट पड़ा।
मंत्री ने जमकर लगाई फटकार
इस दौरान जमकर फटकार लगाई गई। मंत्री के डांट, फटकार पूरे अस्पताल में काफी देर तक छाई रही। मौके पर मृतका के स्वजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही।
मंत्री के फटकार का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित होने लगा है। मंत्री ने सदर अस्पताल उपाधीक्षक को फौरन कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए डीएम आवास पर पहुंच गई और वैसे लापरवाह महिला चिकित्सक डॉक्टर शालिनी समेत अन्य लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने की बात कही।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि हरहाल में दोषी महिला चिकित्सक पर कार्रवाई होगी और एफआईआर भी दर्ज कराने की बात कही है।
हालांकि, जिलाधिकारी नवीन ने बताया कि इस मामले में एक टीम गठित की गई है। पूरे घटना क्रम की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।








