
मुंगेर सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने अपने मुंगेर दौरे के दूसरे दिन हवेली खड़गपुर प्रखंड के बरूई पंचायत और परसंडो गांव में ग्रामीणों से संवाद किया।
बरूई में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण को अभूतपूर्व बताया।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने से उनकी भागीदारी बढ़ी है।
सांसद ने कहा कि जीविका से बिहार की करीब 1.40 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अवैध शराब निर्माण की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी से घरेलू हिंसा में कमी आई है। उन्होंने मछुआरा समुदाय से पीएम मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
मछुआरों की आय में हुई है बढ़ोतरी
आगे ललन सिंह ने बताया कि मत्स्य उत्पादन बढ़ने से मछुआरों की आय में भी वृद्धि हुई है। बरूई में ग्रामीणों ने बिजली, सिंचाई और विद्यालय की समस्या रखी, जिस पर सांसद ने समाधान का आश्वासन दिया।
परसंडो में ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने सांसद मद से इंडोर व आउटडोर व्यायामशाला स्थापित कराने की घोषणा की। विधायक मद से पुस्तकालय का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने हर पंचायत में जिम स्थापित कराने और अगले वर्ष से पंचायत स्तर पर सांसद खेलकूद कार्यक्रम आयोजित कराने की भी घोषणा की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रखंड व राज्य स्तर पर अवसर और सम्मान दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि क्षेत्र अब नक्सल भय से मुक्त है और लोग शांतिपूर्ण वातावरण में रह रहे हैं।








