बिहारराज्य

जितिया के दौरान नालंदा में नदी में डूबने से 3 बच्चों की मौत, पर्व की खुशी मातम में बदली

जिउतिया पर्व (जितिया)के दिन रविवार को नालंदा जिले में अलग-अलग जगहों पर नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई।

तीनों घटनाएं दीपनगर, मानपुर और छबीलापुर थाना क्षेत्रों में हुईं। हादसे के बाद पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस मां ने अपने बच्चे की लंबी उम्र की कामना को लेकर जिउतिया का व्रत रखा था, उसी दिन बच्चे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

पहली घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के बियाबानी गांव की है। गांव निवासी 14 वर्षीय मोहित राज अपनी मां के साथ जिउतिया पर्व के मौके पर पंचाने नदी में स्नान करने गया था।

स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किया और मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

दूसरी घटना

दूसरी घटना मानपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव की है। यहां 12 वर्षीय पूनम कुमारी की जीराइन नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि जिउतिया पर्व को लेकर परिवार के सदस्य नदी में स्नान करने गए थे।

स्नान के बाद सभी लोग घर लौट आए, लेकिन पूनम घर नहीं पहुंची। इसके बाद स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान राहगीरों ने नदी में बच्ची को डूबा हुआ देखा और इसकी सूचना स्वजन को दी। ग्रामीणों ने नदी से बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

तीसरी घटना

तीसरी घटना छबीलापुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव की है। शनिवार शाम जिउतिया पर्व के मौके पर 10 वर्षीय हिमांशु राज अपनी मां के साथ नदी में स्नान करने गया था।

इसी दौरान वह पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मृतक हिमांशु राज, मनीष कुमार का पुत्र था।

तीनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button