बिहारराज्य

डीजीपी विनय कुमार ने लिया VRS, बने मुख्य सूचना आयुक्त; ऐसा रहा इस IPS अधिकारी का सफर

बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। गृह विभाग ने शनिवार रात उनके वीआरएस आवेदन को तत्काल प्रभाव से स्वीकृति दे दी।

इसके साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग ने उन्हें बिहार का मुख्य सूचना आयुक्त बनाए जाने की अधिसूचना जारी कर दी है। विनय कुमार दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही वीआरएस लेने का निर्णय लिया।

वहीं, विधि विभाग के पूर्व सचिव और न्यायिक सेवा के अधिकारी अंजनी कुमार सिंह को राज्य सूचना आयुक्त बनाया गया है। इस संबंध में बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई त्रिसदस्यीय चयन समिति की बैठक में सहमति बनी थी।

तत्काल प्रभाव से वीआरएस स्वीकृत

1991 बैच के आईपीएस अधिकारी विनय कुमार ने हाल ही में छुट्टी ली थी। छुट्टी के दौरान ही उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन दिया था।

आलोक राज के बाद संभाली थी डीजीपी की कमान

विनय कुमार को आलोक राज की जगह बिहार का पुलिस महानिदेशक बनाया गया था। डीजीपी बनने से पहले उन्होंने बिहार पुलिस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, सीआईडी और बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर उन्होंने काम किया। लंबे प्रशासनिक और पुलिसिंग अनुभव के बाद उन्हें राज्य पुलिस की कमान सौंपी गई थी।

गांव के स्कूल से पढ़ाई, IIT खड़गपुर से बीटेक

विनय कुमार मूल रूप से वैशाली जिले के रामपुरानी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता शिक्षक थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूल में हुई। मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने आईआईटी खड़गपुर में दाखिला लिया, जहां से बीटेक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।

मेधावी छात्र रहे विनय कुमार ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की और 1991 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने बिहार में विभिन्न पदों पर काम किया और कानून-व्यवस्था, अपराध अनुसंधान तथा पुलिस प्रशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

पुलिस सेवा से सूचना आयोग तक का सफर

करीब तीन दशक से अधिक लंबे पुलिस सेवा करियर के बाद विनय कुमार अब सूचना आयोग में नई भूमिका निभाएंगे। मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में उनकी नियुक्ति के साथ ही पुलिस महानिदेशक के पद पर उनके कार्यकाल का समापन हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button