बिहारराज्य

भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का हाजीपुर में भी होगा ठहराव, क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग पूरी

 हाजीपुर के लोगों को रेलवे की ओर से एक के बाद एक सौगात दी जा रही है। अब भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने ट्रेन के ठहराव की स्वीकृति प्रदान की है।

बताते चलें कि अभी हाल ही में केंद्रीय मंत्री की पहल पर लोगों की दशकों से चली आ रही मांग पूरी हुई थी। रेल मंत्री ने हाजीपुर से भगवानपुर, महुआ, ताजपुर होते समस्तीपुर के लिए नई रेललाइन की मंजूरी दी थी।

इस दिशा में रेलवे के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है। यहां बताते चलें कि इस रेललाइन के लिए तत्कालीन रेल मंत्री रामविलास पासवान एवं लालू प्रसाद ने सर्वे की मंजूरी दी थी। इसके बाद भी दशकों से यह मामला अधर में लटका हुआ था।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के स्तर पर ठहराव को मंजूरी दिए जाने से क्षेत्र के यात्रियों में खुशी की लहर है।

लोजपा नेताओं ने जताया आभार

लोजपा के वरिष्ठ नेता विधान परिषद के सदस्य अशरफ अंसारी ने शनिवार को बताया है कि हाजीपुर जंक्शन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव से हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

लंबे समय से यात्रियों के स्तर पर बेहतर रेल कनेक्टिविटी और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही थी।

इस स्वीकृति के लिए लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने जिला इकाई एवं समस्त हाजीपुर लोकसभा क्षेत्रवासियों की ओर से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के विकास, बेहतर रेल सुविधा और आम यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हाजीपुर जंक्शन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र के विकास और रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी गुड्डू कुमार जायसवाल ने कहा कि हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता की सुविधा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाया जा रहा है।

रेल सेवा में विस्तार और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी तथा यात्रियों का आवागमन और अधिक सुगम होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button