पंजाब

**पंजाब सरकार द्वारा कामकाजी महिलाओं के लिए राज्य में पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टल निर्माणाधीन: डॉ. बलजीत कौर**

चंडीगढ़/साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 19 जून: पंजाब के विभिन्न शहरों में अपने घरों से दूर रह रही कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त आवास नाममात्र किराए पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब द्वारा मोहाली, जालंधर और अमृतसर में पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टल बनाए जा रहे हैं।

यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज मोहाली के सेक्टर-66 में विधायक कुलवंत सिंह की उपस्थिति में सात मंजिला वर्किंग वूमेन हॉस्टल के निर्माण कार्य की शुरुआत के अवसर पर दी। उन्होंने बताया कि इस हॉस्टल के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है। यह पंजाब का सबसे बड़ा सरकारी क्षेत्र का वर्किंग वूमेन हॉस्टल होगा, जहां 484 महिलाओं के रहने की अत्याधुनिक एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध होगी। हॉस्टल में सिंगल रूम, डबल रूम तथा डॉरमेट्री रूम होंगे। कामकाजी महिलाओं के साथ रहने वाले बच्चों के लिए क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त मनोरंजन के लिए इनडोर खेलों की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मोहाली में यह तीसरा वर्किंग वूमेन हॉस्टल है। इससे पहले निफ्ट मोहाली फेज-1 में 25.26 करोड़ रुपये की लागत से 150 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल निर्माणाधीन है। इसी प्रकार सेक्टर-79, मोहाली में 100 महिलाओं की क्षमता वाला एक और वर्किंग वूमेन हॉस्टल तेजी से बनाया जा रहा है, जिस पर 12.57 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

उन्होंने आगे बताया कि मोहाली में बन रहे इन तीन हॉस्टलों के अलावा विभाग द्वारा गांधी विनीता आश्रम, जालंधर में 100 महिलाओं की क्षमता वाला 10.11 करोड़ रुपये की लागत का हॉस्टल तथा अमृतसर में 150 महिलाओं की क्षमता वाला 27.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला वर्किंग वूमेन हॉस्टल भी निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि ये सभी हॉस्टल निर्धारित समय के अनुसार शीघ्र तैयार कर लिए जाएंगे। विभाग द्वारा इनमें रहने वाली महिलाओं को अत्यंत उचित और नाममात्र किराए पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया कि बठिंडा में भी रेड क्रॉस भवन में किराये पर व्यवस्था कर 100 महिलाओं की क्षमता वाला ऐसा ही एक हॉस्टल चलाया जा रहा है। मीडिया से बातचीत के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विभाग किसी भी शहर में कामकाजी महिलाओं की मांग के अनुसार किराये पर भवन लेकर उनके लिए आवास की व्यवस्था कर सकता है। उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अपने घरों से दूर दूसरे शहरों में काम करने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार अपने जनहितैषी निर्णयों और विकास कार्यों के कारण वर्ष 2027 में दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रति लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विपक्षी दलों द्वारा की जा रही आलोचना केवल इसलिए है क्योंकि वे सरकार के कार्यों का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं।

विधायक कुलवंत सिंह ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और मंत्री डॉ. बलजीत कौर का धन्यवाद करते हुए कहा कि मोहाली जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली कामकाजी महिलाओं के लिए ऐसे वर्किंग वूमेन हॉस्टल पंजाब सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।

इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. सेना अग्रवाल, विशेष सचिव केशव हिंगोनिया, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सोनम चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निखिल अरोड़ा तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता रणजीत सिंह सिद्धू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button