अंतर्राष्ट्रीय

सोमालिया में समुद्री लुटेरों का कहर, हाईजैक टैंकर पर 5 की हत्या; भारतीय नाविक भी शामिल

सोमालिया में समुद्री लुटेरों ने कब्जे में लिए गए एक ईंधन टैंकर पर सवार चालक दल के पांच सदस्यों की हत्या कर दी, जिनमें एक भारतीय नाविक भी शामिल है। केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह ‘एमटी ऑनर’ पर सवार चालक दल के भारतीय सदस्य की ‘त्रासदपूर्ण मौत से बेहद दुखी’ हैं। भारतीय व्यक्ति की ‘कथित तौर पर समुद्री डाकुओं के हाथों उस समय हत्या कर दी गई, जब पंटलैंड समुद्री पुलिस बल द्वारा समुद्री डकैती रोधी अभियान चलाया जा रहा था।

पंटलैंड सोमालिया का एक अर्ध-स्वायत्त राज्य है। उच्चायोग ने कहा कि वह मृत भारतीय नागरिक के परिवार के संपर्क में है। आयोग उसके पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस भेजने की व्यवस्था करने समेत हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। उच्चायोग ने कहा कि टैंकर पर सवार अन्य सभी भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने की सूचना है। इनमें एमटी सिबू-1 और एमटी यूरेका पर सवार नाविक भी शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में बचाया गया है।” एमटी सिबू-1 पर 16 भारतीय नाविक और एमटी यूरेका पर चार भारतीय नाविक सवार थे। उच्चायोग ने कहा कि वह भारतीय नाविकों की सुरक्षा, कुशल-क्षेम और स्वदेश वापसी के संबंध में सोमाली अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

समाचार पोर्टल ‘सोमालिया टुडे’ के अनुसार पंटलैंड मैरीटाइम पुलिस बल (पीएमपीएफ) ने बताया कि मंगलवार तड़के तीन पाकिस्तानी, एक भारतीय और म्यांमा का एक नागरिक मारा गया। पीएमपीएफ ने पलाऊ के झंडे वाले ईंधन टैंकर ‘एमटी ऑनर 25’ को अपने कब्जे में लेने के लिए अभियान शुरू किया। चालक दल में शामिल पाकिस्तान के तीन और भारत का एक नागरिक घायल भी हो गया। पीएमपीएफ ने इन मौतों के लिए पंटलैंड के तट के पास जहाज पर कब्जा किए हुए सोमालियाई समुद्री लुटेरों को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि यह नहीं बताया कि चालक दल के सदस्यों की मौत कैसे या कब हुई।

एक म्यांमा का नागरिक शामिल था

यूरोपीय संघ के नौसैनिक बल के अनुसार, इस जहाज पर अप्रैल में उस समय कब्जा किया गया था जब वह सोमालिया की राजधानी मोगादिशु की ओर जा रहा था। जहाज पर चालक दल के करीब 17 सदस्य सवार थे, जिनमें अधिकतर पाकिस्तानी नागरिक थे। जहाज में तेल उत्पाद भी लदे थे। ‘बीबीसी सोमाली’ के अनुसार, चालक दल में 10 पाकिस्तानी, चार इंडोनेशियाई, एक भारतीय, एक श्रीलंकाई और एक म्यांमा का नागरिक शामिल था।

बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है

पीएफपीएफ ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर बताया कि उसने धारिन-बार, बंदर बेयला जिले के तट के पास समुद्री अभियान चलाकर ‘एमटी ऑनर 25’ को सफलतापूर्वक बचाया। जहाज अब सुरक्षित है और पंटलैंड सरकार के नियंत्रण में है। अभियान के दौरान 16 संदिग्ध समुद्री लुटेरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button