आतंकी पन्नू का करीबी निकला कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमले का मास्टरमाइंड

ओटावा
कनाडा में मंदिर पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार किया गया चौथा आरोपी ब्राम्पटन का 35 वर्षीय इंद्रजीत गोसाल खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू का करीबी निकला है। उसके आतंकी पन्नू के साथ फोटो वायरल हो रहे हैं। इंद्रजीत गोसाल मंदिर पर हमले का मास्टरमाइंड है और आतंकी पन्नू का दाहिना हाथ बताया जा रहा है। ग्रेटर टोरंटो में हिंदू मंदिर पर हमले का प्लान इंद्रजीत ने ही तैयार किया था। हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद वही रेफरेंडम से जुड़े काम को देख रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया है।
इसे लेकर हिंदुओं में काफी रोष है और हिंदु इस बात का विरोध कर रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि उसे शर्तों के साथ रिहा किया गया है और उसे बाद में ब्रैम्पटन में ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में पेश होना है। बता दें कि चार नवंबर को खालिस्तानियों ने कनाडा में कई मंदिरों को निशाना बनाया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन हमलों की निंदा करते हुए कनाडा को कड़ा संदेश दिया था। कनाडा में हिंदुओं पर इस तरह के हमले को लेकर दुनिया के कई देशों ने निंदा की थी। पुलिस ने कहा, घटना की जांच के लिए एक विशेष दल बनाया गया है और इसकी जांच की जा रही है।









