आज समाचारपंजाब

केजरीवाल बोले- AAP सरकार ने पंजाब के हर गांव में युवाओं को दी सरकारी नौकरी

चंडीगढ़। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि पंजाब हर गांव में युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर देश के लिये एक रोल मॉडल बनकर उभरा है। पंजाब पुलिस में 1746 कांस्टेबलों की भर्ती के अवसर पर एक समारोह में सभा को संबोधित करते हुये, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से 48,000 से अधिक नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यापक अभियान के कारण अब पंजाब के हर गांव में कम से कम एक सरकारी कर्मचारी है, जो सभी के लिये बेहद गर्व और संतुष्टि की बात है।

अरविंद केजरीवाल ने युवाओं को अपना कर्तव्य कुशलतापूर्वक निभाने का आह्वान करते कहा कि यह उन सभी के लिये गर्व की बात है कि वे सबसे अनुशासित और सुशोभित पंजाब पुलिस का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सत्ता संभाली है, हमारा मिशन राज्य में स्थिरता लाना, हमारे युवाओं को नशे से दूर रखना और उनके लिए बेहतर रोजगार के अवसर खोलना है, उन्होंने कहा कि वह हमारे लक्ष्यों के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। केजरीवाल ने पंजाब पुलिस में 1,746 नए कांस्टेबलों में से 1,205 उम्मीदवारों को बधाई दी, जिन्हें आज नियुक्ति पत्र मिले।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ जिलों में आदर्श आचार संहिता और कुछ अन्य कारणों से शेष पत्र अभी जारी नहीं किए जा सके हैं लेकिन जल्द ही जारी किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं के लिये सार्थक नौकरी के अवसर पैदा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और पंजाब सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न पदों पर भर्ती करने के लिये प्रतिबद्ध है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस समय आप पार्टी ने पंजाब में सत्ता संभाली थी, उस समय कानून-व्यवस्था अपने सबसे निचले स्तर पर थी क्योंकि गैंगस्टर और अन्य असामाजिक तत्व राज्य में अपनी ताकत दिखा रहे थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कड़े प्रयासों के कारण अब पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति देश में सबसे अच्छी है। केजरीवाल ने कहा कि पहले हालात खराब थे, लेकिन अब चीजें बदल गयी हैं और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जिससे पंजाब तेजी से प्रगति कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button