आज समाचारपंजाब

लुधियाना में एक लाख के लिए दंपति पर फायरिंग, आरोपी ने नशे में अंजाम दी वारदात

लुधियाना-लुधियाना के हलवारा के गांव मुल्लांपुर दाखा के प्रेम नगर में किराना की दुकान चलाने वाले राज कुमार यादव और उसकी पत्नी गुडिय़ा यादव को गोली मारकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा गांव हिस्सोवाल का रहने वाला है। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। एसएसपी नवनीत सिंह बैंस ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे में गिरफ्तार करके उसके कब्जे से रिवाल्वर, छह जिंदा कारतूस और दो खोल बरामद किए गए हैं। आरोपी सुरिंदर सिंह शिंदा मुल्लांपुर दाखा मंडी में फाइनेंस का कारोबारी है। उसने राज कुमार यादव और गुडिय़ा यादव को एक लाख रुपए कर्ज के तौर पर दिए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि राज कुमार यादव और गुडिय़ा यादव उसके रुपये नहीं लौटा रहे थे, जिसको लेकर विवाद हो गया। घायल राज कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि घटना की रात सात बजे शिंदा उनकी दुकान पर आया और गाली गलौच करने लगा। विरोध करने पर वह लौट गया।

इसके बाद वो शराब पीकर रात 8 बजे के बाद दोबारा दुकान पर आया और दोनों पर गोलियां दाग दी। पहली गोली राज कुमार यादव के दाएं कंधे पर लगी और वह घायल होकर गिर गया। दूसरी गोली उसकी पत्नी गुडिय़ा की छाती पर लगी। वहीं मौके पर लोगों को इकठ्ठा होते देख शिंदा हथियार समेत अपनी बाइक पर फरार हो गया था। प्रेम नगर के पार्षद बलबीर चंद ने बताया कि गोली लगने से घायल हुई गुडिय़ा यादव की जान तो बच गई लेकिन दाएं बाजू से अपाहिज हो गई है। सीएमसी अस्पताल में गोली निकाले जाने के बाद उसका दायां हाथ काम नहीं कर रहा है। वहीं राज कुमार यादव के दाएं कंधे में लगी गोली को अभी तक निकाला नहीं गया है और उसका इलाज चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button