डेराबस्सी में तीसरी आंख का पहरा; 24 घंटे निगरानी में रहेंगे लोग, अपराधों पर लगेगी लगाम

डेराबस्सी-कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत पुलिस द्वारा नगर परिषद के सहयोग से डेराबस्सी के विभिन्न स्थानों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे डेराबस्सी इलाके के लोगों पर 24 घंटे नजर रखेंगे। इससे अपराध पर अंकुश लगेगा और अपराधी पुलिस से बच नहीं पाएंगे। यह जानकारी देते हुए डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने बताया की इसी कड़ी के तहत सोमवार को शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले रामलीला मैदान में कैमरे लगाए गए, जहां डेराबस्सी थाना प्रमुख मंदीप सिंह और काउंंसलर कर्मी भी मौजूद रहे। डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने पत्रकारों को बताया कि डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में डेराबस्सी पुलिस डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को पूरी ईमानदारी, समर्पण और ईमानदारी से निभा रही है।
उन्होंने कहा कि इन कैमरों के सक्रिय होने से शहर में यातायात उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ट्रैफिक नियम तोडक़र भागने वालों के लिए ऑनलाइन चालान उपलब्ध होंगे। निकट भविष्य में उनका कंट्रोल रूम डेराबस्सी थाने में बनाया जाएगा। डीएसपी बिक्रम बराड़ ने बताया कि एसएसपी मोहाली दीपक पारिक के निर्देश पर डेराबस्सी शहर के एंट्री प्वाइंट और मुख्य सडक़ पर चौराहों पर 23 स्थानों पर करीब 80 कैमरे लगाए जाएंगे। दूसरे चरण में गांव की ओर जाने वाली सडक़ों सहित आंतरिक सडक़ों पर आवश्यकतानुसार कैमरे लगाए जाएंगे। ऐसे में असामाजिक तत्वोंए शरारती तत्वों पर नजर रखते हुए और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखते हुए नगर परिषद और समाजसेवियों के सहयोग से इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। फिलहाल जिन स्थानों पर कैमरे लगे हैं, उन्हें सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि तीसरे चरण में शहर की सभी अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं के प्रवेश और निकास दोनों बिंदुओं पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे।








