
अमृतसर-कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला हलके में लिंक सडक़ों को चौड़ा करने की शुरुआत करते हुए कहा कि हलके की सभी लिंक सडक़ों को जरूरत के मुताबिक चौड़ा किया जाएगा। बुधवार को उन्होंने 1.33 करोड़ रुपए की लागत से चुंग से बुज्जियांवाली (10 से 12 फुट) करन और 49.91 लाख रुपए की लागत से गांव सैदो लाहिल से ड्रेन तक फिरनी को चौड़ा करने का शिलान्यास किया। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ बताया कि पीआईडीबी सरकार द्वारा वित्त पोषित योजना के तहत चुंग से बुंजियांवाली रोड तक लिंक रोड को 133.69 लाख रुपए की लागत से 10 से 12 फुट का बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सडक़ की लंबाई 3.12 किमी है। यह कार्य संबंधित ठेकेदार को आवंटित कर दिया गया है और इस कार्य को छह माह की समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पीआईडीबी वित्त पोषित योजना के तहत गांव सैदो लाहिल से ड्रेन तक की फिरनी को सरकार द्वारा 49.91 लाख रुपए की लागत से सडक़ के रूप में विकसित किया जाएगा। इस सडक़ की लंबाई 1.60 किमी और चौड़ाई 10 फुट होगी। उन्होंने कहा कि इस काम को चार महीने की समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ये काम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा ग्रामीण सडक़ों को चौड़ा करने की घोषणा के तहत किए जा रहे हैं।









