श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों पर बरसाई गोलियां

श्रीलंकाई नौसेना द्वारा मंगलवार सुबह डेल्फ्ट द्वीप के पास भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी की घटना को लेकर भारत ने सख्त आपत्ति जताई है। इस घटना में पांच भारतीय मछुआरे घायल हो गए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को तलब कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। भारत ने साफ लहजे में कहा है कि किसी भी हाल में बल प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, घटना के समय मछली पकडऩे वाले जहाज पर कुल 13 मछुआरे सवार थे। इनमें से दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें जाफना टीचिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य मछुआरे मामूली रूप से घायल हुए हैं और उनका उपचार किया जा चुका है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी जाफना अस्पताल पहुंचे और घायल मछुआरों से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मछुआरों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही, कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस मुद्दे को श्रीलंका के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया है। भारत ने मछुआरों के मुद्दे को ‘मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण’ से देखने की आवश्यकता पर जोर दिया।








