Punjab News: जबरन वसूली रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस अधिकारी सहित दो गिरफ्तार

पंजाब में बटाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमरीका स्थित गुरदेव जस्सल द्वारा चलाए जा रहे एक बड़े जबरन वसूली रैकेट का भंडाफोड़ किया और पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चार फरवरी को जस्सल के साथियों ने कलानौर स्थित व्यवसायी के पेट्रोल पंप पर गोलीबारी की थी। लगातार धमकी भरे कॉल और एक करोड़ रुपए की मांग के बाद व्यवसायी ने आखिरकार 11 फरवरी को 50 लाख रुपए का भुगतान किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच के आधार पर एएसआई सुरजीत सिंह और अंकुश मैनी को जबरन वसूली के धन के संग्रह और वितरण में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जस्सल के गिरोह ने धमकियों और भुगतान के लिए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि जबरन वसूली के धन को कई बिचौलियों के माध्यम से भेजा जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से 83 लाख रुपए, अवैध हथियार और लग्जरी गाड़ियां बरामद की है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध को खत्म करने और राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।








