आज समाचार

भ्रष्टाचार के मामले में FIR से पहले शुरुआती जांच जरूरी नहीं, SC के आदेश से इन कर्मचारियों को लगा बड़ा झटका

सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में कहा है कि सरकारी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आने वाले किसी भी मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से पहले उसके खिलाफ शुरुआती जांच कराना जरूरी नहीं है। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करने से पहले किसी भी आरोपी के पास प्रारंभिक जांच का दावा करने का कोई कानूनी अधिकार भी नहीं हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश उन सभी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा झटका है, जो भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज करने से पहले प्रारंभिक जांच का बहाना बनाकर अपने खिलाफ कार्रवाई से बच रहे थे। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि यह स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के आरोपी लोक सेवक के खिलाफ मामला दर्ज करने (एफआईआर) के लिए प्रारंभिक जांच करना अनिवार्य नहीं है।

हालांकि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आने वाले मामलों सहित कुछ श्रेणियों के मामलों में प्रारंभिक जांच वांछनीय है, लेकिन यह न तो आरोपी का कानूनी अधिकार है और न ही आपराधिक मामला दर्ज करने के लिए कोई जरूरी शर्त है। कोर्ट ने कहा कि जब किसी सूचना से संज्ञेय अपराध का खुलासा होता है, तब एफआईआर से पहले प्रारंभिक जांच अनिवार्य नहीं होती है, लेकिन मामले के तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर जांच एजेंसी के लिए यह पता लगाना जरूरी है कि सरकारी सेवक द्वारा किया गया अपराध संज्ञेय है या नहीं। शीर्ष अदालत ने कहा कि प्रारंभिक जांच का उद्देश्य प्राप्त सूचना की सत्यता को सत्यापित करना नहीं है, बल्कि केवल यह पता लगाना है कि क्या उक्त सूचना से संज्ञेय अपराध का खुलासा होता है या नहीं। इस तरह की जांच का दायरा स्वाभाविक रूप से संकीर्ण और सीमित है, ताकि अनावश्यक उत्पीडऩ को रोका जा सके और साथ ही यह सुनिश्चित किया जा सके कि संज्ञेय अपराध के वास्तविक आरोपों को मनमाने ढंग से दबाया न जाए। इस प्रकार, यह निर्धारण कि प्रारंभिक जांच आवश्यक है या नहीं, प्रत्येक मामले के तथ्यों और परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग होगा। जस्टिस दत्ता और जस्टिस मेहता की पीठ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक लोक सेवक के खिलाफ दर्ज एफआईटार को रद्द करने के हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ कर्नाटक सरकार की अपील पर सुनवाई कर रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button