आज समाचार

पंजाब में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ शुरू, पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पुलिस अधिकारियों को राज्य को तीन महीनों में नशीले पदार्थों के प्रभाव से मुक्त बनाने के आदेश के बाद शनिवार को पुलिस राज्य भर में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ (‘War against drugs’) अभियान के तहत तलाशी अभियान चला रही है और मादक पदार्थ के तस्करों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान में जहां नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशे के शिकार लोगों को भी मरीज माना जा रहा है तथा उनके समुचित उपचार की व्यवस्था भी इस अभियान का हिस्सा है। उन्होंने पंजाब की सभी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं तथा पंजाब के सभी लोगों से अपील है कि वे इस नेक अभियान में राज्य सरकार का साथ दें तथा इसे पूरी तरह सफल बनाएं।

राज्य के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि राज्य स्तरीय ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के संबंध में आयोजित बैठक के दौरान इसके अगले चरण के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। यह अभियान जिला स्तर पर चलाया जायेगा और पांच सदस्यीय उप-समिति के सभी सदस्य पंजाब के विभिन्न जिलों में चल रहे अभियानों की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही, इस अभियान के तहत नशे की लत से ग्रस्त व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष प्रयास भी किए जाएंगे। जालंधर जिले में नशे पर लगाम लगाने के लिये ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर के नेतृत्व में कमिश्नरेट जालंधर के अंतर्गत 11 स्थानों पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त ने भार्गो शिविर में पुलिस टीम का नेतृत्व किया।

उल्लेखनीय है कि नशे की समस्या के खिलाफ लड़ाई का एलान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्तों, जिला उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को तीन महीने के भीतर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने का आदेश दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के प्रति किसी भी प्रकार की सहानुभूति न रखने की नीति अपनायी है और इस समस्या के खिलाफ व्यापक लड़ाई शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नेक कार्य के लिये पुलिस और सिविल प्रशासन को पूरा समर्थन और सहयोग दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button