कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार का दावा, भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस सरकार में विभाजन की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। साथ ही उन्होंने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपनी पार्टी को व्यवस्थित करने का काम करना चाहिए। शिवकुमार ने कहा कि भाजपा को पहले अपना घर ठीक करना चाहिए। जैसा कि मेरे कुछ मंत्रियों ने कहा है, कई भाजपा विधायक हमसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे मंत्री ने यह पहले ही कह दिया है। मैं इस बारे में अधिक नहीं चर्चा करना चाहता। भाजपा टूटे हुए घर की तरह है, जबकि कांग्रेस एकजुट है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा 26 फरवरी को शिवरात्रि उत्सव के दौरान धर्म गुरु जग्गी वासुदेव और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा करने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया। कांग्रेस के कई नेताओं ने इस कदम पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सद्गुरु और अमित शाह ने कांग्रेस पर खुलेआम हमला किया था। इसके बाद पार्टी में आंतरिक कलह की अफवाहें फैलने लगीं। विपक्षी भाजपा ने दावा किया कि शिवकुमार कांग्रेस छोड़ सकते हैं और भाजपा की मदद से वैकल्पिक सरकार बना सकते हैं। हालांकि, शिवकुमार ने अपने इस निर्णय को धार्मिक यात्रा बताते हुए राजनीतिक नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि सद्गुरु कर्नाटक के हैं और वह कावेरी जल के मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने मुझे व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था।








