किसानों के धरने से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, कई नेताओं को हिरासत में लिया

फगवाड़ा। किसान संगठनों के पांच मार्च को प्रस्तावित ‘विरोध मार्च’ से एक दिन पहले मंगलवार को कपूरथला पुलिस ने तड़के बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कीर्ति किसान यूनियन पंजाब के राज्य महासचिव रशपाल सिंह, बलवंत सिंह मेहराज, अशोक भारती, जरनैल सिंह कालेके, गुरजीत सिंह, इंद्रमोहन सिंह और पाल सिंह जैसे किसान नेताओं को आज सुबह चार बजे हिरासत में लिया। पुलिस कार्रवाई से किसानों में गुस्सा भड़क गया है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता मंजीत सिंह राय और सतनाम सिंह साहनी ने पुलिस छापेमारी की कड़ी निंदा की है। इस बीच फगवाड़ा पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) दोआबा के नेताओं सतनाम सिंह साहनी (जनरल सेक्रेटरी), गुरपाल सिंह पाला (राज्य प्रेस सेक्रेटरी ) और कुलविंदर सिंह अठोली (अध्यक्ष फगवाड़ा ब्लॉक ) को आज सुबह करीब छह बजे उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।