आज समाचार
जनता की सेहत का ख्याल रख रहा AGC, जरूरतमंदों को बांटी दवाएं

अमृतसर
अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजिस (एजीसी) के एनएसएस विंग ने केवीआई एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी और बिलियन हाट्र्स बीटिंग फाउंडेशन के सहयोग से किशनपुरा (राजेवाल)—एजीसी द्वारा सामाजिक विकास हेतु चयनित ग्राम में दवा वितरण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर एजीसी के सतत सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना और वंचित समुदायों को सहायता प्रदान करना रहा।
शिविर के दौरान ग्रामवासियों के स्वास्थ्य की प्रारंभिक जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं। साथ ही, दवाओं के सुरक्षित उपयोग और संरक्षण के विषय में जागरूकता फैलाने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि ग्रामीण समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य आदतों को बढ़ावा मिल सके। एजीसी के प्रिंसिपल, डॉ. गौरव तेजपाल ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने हेतु अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इस शिविर की सफलतापूर्वक संचालन के लिए एनएसएस स्वयंसेवकों और संकाय समन्वयकों के सक्रिय योगदान की सराहना की। एनएसएस का आदर्श वाक्य, स्वयं नहीं, अपितु तुम, इस पहल में पूर्णत: प्रतिबिंबित हुआ, जो सेवा, सहयोग और सामुदायिक कल्याण के मूल्यों को मजबूती से दर्शाता है








