कार के सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम ने ली दो लोगों की जान, तीन घायल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के सरगीनाला में पत्थर से टकराकर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे दो लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए। सभी दोस्त भटगांव के निवासी थे। भटगांव से देर रात निकलकर सभी युवकों की योजना भूतेश्वर नाथ महादेव के दर्शन करने की थी। दुर्घटना में घायल युवक राजेश कुमार ने बताया कि कार पत्थर से टकराकर नाले में गिरी थी। सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम के चलते कार के सभी दरवाजे लॉक थे।
सुबह दिनचर्या के लिए निकले ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले ही ग्रामीणों ने कार के शीशे तोड़कर घायलों को और दो मृत युवकों को निकाला। फिंगेश्वर थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया कि इस दुर्घटना में लोकेश साहू और पंकज मानिकपुरी की मौत हुई है। दुर्घटना के वक्त कार को लोकेश चला रहा था। दुर्घटना में घायल राजेश, आदित्य और एक युवक को ज्यादा चोटें नहीं आई हैं। सभी का स्थानीय शासकीय अस्पताल में इलाज जारी है।








