अब कैसे बचेगी निमिषा प्रिया, मौत की सजा से बचने के लिए ब्लड मनी का रास्ता भी बंद

यमनी नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या की दोषी भारतीय नर्स निमिषा प्रिया के बचने का आखिरी रास्ता यानी ब्लड मनी का रास्ता भी बंद हो गया है। खबर है कि तलाल के भाई अब्दुल फतेह ने अदालत को लिखे पत्र में निमिषा को जल्द से जल्द मौत की सजा दिए जाने की मांग की है। इससे पहले यमन की अदालत ने मौत की सजा देने के लिए 16 जुलाई तय की थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया था। एक रिपोर्ट के अनुसार यमन के एटॉर्नी जनरल जज अब्दुल सलाम अल हूती को फतेह की तरफ से पत्र लिखा गया है। उन्होंने पत्र के जरिए निमिषा को तत्काल मौत की सजा देने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि परिवार ने माफी देने के लिए इनकार कर दिया है।
उन्होंने पत्र के जरिए भारतीय मीडिया में चल रही खबरों पर भी आपत्ति जताई थी, जिसमें संभावित सुलह की बात कही गई थी। उन्होंने लिखा कि तलाल का खून मोल भाव के बाजार में बिकने वाली चीज नहीं बनेगा। निमिषा प्रिया पर साल 2018 में तलाल की हत्या के आरोप लगे थे। कहा जा रहा है कि क्लीनिक खोलने की कोशिश में निमिषा ने तलाल से साझेदारी की थी, लेकिन बाद में दोनों के संबंधों में तनाव आ गया। खबर है कि तलाल ने निमिषा का पासपोर्ट रख लिया था और इसे हासिल करने की कोशिश में निमिषा उसे बेहोश करना चाहती थी, लेकिन दवा की ओवरडोज से मौत हो गई।








