संसद में एसआईआर पर विपक्ष का हंगामा बरकरार, लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित

नई दिल्ली
विपक्षी दलों के सांसदों ने बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर पिछले कुछ दिनों की तरह सोमवार को भी लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही पहले सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी और फिर दो बजकर 15 मिनट पर मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे फिर से आरंभ होने पर स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। हंगामे के बीच ही आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखे गए और सदन ने सीमा शुल्क टैरिफ अधिनियम, 1975 की दूसरी अनुसूची में संशोधन से संबंधित सांविधिक संकल्प को स्वीकृति दे दी। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने यह सांविधिक संकल्प पेश किया था। पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की और खेल से संबंधित दो विधेयकों को पारित करने की जरूरत पर जोर दिया। पीठासीन सभापति पाल ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से कहा कि आप चुनकर आएं ताकि कानून बना सकें, लेकिन मानसून सत्र में अब तक एक भी विधेयक पारित नहीं हो सका। देश की जनता देख रही है कि आप कानून बनाने के बजाय हंगामा कर रहे हैं।








