13 साल की उम्र में फिल्मी आगाज, 15 में पहली सुपरहिट मूवी

मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री वैजयंती माला आज 89 वर्ष की हो गईं। तमिलनाडु में 13 अगस्त, 1936 को जन्मीं वैजयंती माला ने अपने सिने करियर की शुरुआत महज 13 वर्ष की उम्र में एक तमिल फिल्म से की। वर्ष 1951 में प्रदर्शित फिल्म बहार से वैजयंती माला ने बॉलीवुड में पदार्पण किया। वर्ष 1954 में प्रदर्शित फिल्म नागिन वैजयंती माला के सिने करियर की पहली सुपरहिट फिल्म साबित हुई।
वर्ष 1955 में प्रदर्शित फिल्म देवदास वैजयंती माला के सिने करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। विमल राय के निर्देशन में शरतचंद्र के उपन्यास पर बनी इस फिल्म में वैजयंती माला ने चंद्रमुखी के किरदार को रुपहले पर्दे पर साकार किया है। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गईं। वर्ष 1958 में प्रदर्शित फिल्म साधना वैजयंती माला के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार है। बीआर चोपड़ा निर्मित-निर्देशित फिल्म साधना में वैजयंती माला अपने करियर में पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त करने में सफल रहीं।








