आज समाचार
जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में तीन संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा इलाके में सुरक्षा बलों ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि लांगेट हंदवाड़ा के एक गांव में सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान बनपोरा लांगेट निवासी मोहम्मद इकबाल पंडित, चेकपारिन निवासी सज्जाद अहमद शाह और हाजिन करालगुंड निवासी अश्फाक अहमद मलिक के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि उनके कब्जे से हथियार, गोला-बारूद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। गौरतलब है कि ये गिरफ्तारियां सुरक्षाबलों के कुपवाड़ा जिले से बड़ी मात्रा में हथियार गोला बारुद बरामद करने के एक दिन बाद की गई हैं।





