आज समाचार
जवाबदेही से भाग रहा चुनाव आयोग, विपक्ष ने फिर साधा निशाना

नई दिल्ली
बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और वोट चोरी को लेकर इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) में सोमवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चुनाव आयोग पर निशाना साधा। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि चुनाव आयोग अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों में से किसी का भी जवाब नहीं दे सका। चुनाव आयोग ने ये नहीं बताया कि एसआईआर इतनी हड़बड़ी में क्यों हो रहा है। इसको लेकर वह मौन थे। गौरव गोगोई ने कहा कि चुनाव आयोग को मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए, लेकिन आयोग अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है। कांग्रेस सांसद ने एक बार फिर आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में मतदाता सूची में नाम बढ़ाए गए।
कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा में मतदाता सूची में विसंगतियां मिली हैं, जबकि वीडियो डाटा हटाने पर चुनाव आयोग चुप है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को वे अधिकारी चला रहे हैं, जो विपक्ष द्वारा लगाए गए किसी भी आरोप की जांच नहीं कर रहे। गोगोई ने कहा कि एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट में चर्चा हुई। चुनाव आयोग के सभी तर्कों को कोर्ट ने नकारा है। वहीं, सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि चुनाव आयोग का यह दावा है कि विपक्ष बिना तथ्यों के आरोप लगा रहा है और कोई हलफनामा नहीं दिया गया है, गलत है। आयोग राहुल गांधी से बार-बार हलफनामा मांग रहा है, लेकिन हम 2018 से ही कई बार चुनाव आयोग को शिकायत के साथ हलफनामा दे चुके हैं।








