नगर काउंसिल खरड़ छीन रही करोड़ों की जमीन, परविंदर सिंह सोहाना ने जड़े आरोप

मोहाली शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह सोहाना ने गांव दाऊ की पांच एकड़ जमीन को बिल्डर को सौंपने की कार्रवाई को लेकर विरोध करते हुए कहा कि नगर काउंसल खरड़ और ग्राम पंचायत दाऊ की पंचायत द्वारा मिलीभगत कर कंपीटेंट अथारिटी को भरोसे में लिए बिना इस प्रकार से करोड़ों की जमीन प्राइवेट बिल्डर को सौंपना साफ तौर पर भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जो की पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त करने का दावा कर सत्ता में आई थी उसी सरकार में किस प्रकार एक प्राइवेट बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों को तार-तार किया जा रहा है। सबसे बड़ी बात तो ये है कि सरकार का भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं है और अधिकारी पूरी तरह से भ्रष्टाचार का खेल चला रहे हैं। सोहाना ने सीएम भगवंत मान से इस मामले में हस्तक्षेप कर मामले की गहनता से जांच करवाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर नियमों को तार.तार का ये जमीन प्राइवेट बिल्डर को दी गई तो शिरोमणि अकाली द्वारा इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
ना सिर्फ कोर्ट का रूख किया जाएगा अगर जरूरत पड़ी तो धरने प्रदर्शन भी किए जाएंगे। परविंदर सिंह सोहाना ने कहा कि बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए कुछ ही दिनों में सारा खेल खेला गया। सबसे पहले नगर काउंसिल द्वारा गांव दाऊ की पंचायत को पत्र लिख कहा गया कि बिल्डर का प्रोजेक्ट 25 एकड़ से कम है। इसलिए उसे अपना प्रोजेक्ट पूरा करने में परेशानी आ रही है। इसलिए गांव दाऊ की पांच एकड़ जमीन नगर काउंसिल खरड़ के अधिकार में देने के लिए प्रस्ताव डाला जाए। वहीं गांव दाऊ की पंचायत द्वारा भी साथ के साथ प्रास्ताव डाल कर जमीन को देने के लिए कार्रवाई कर दी। अब ये मामला आगे सरकार के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। सोहाना ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस प्रकार से तेजी इस जमीन को बिल्डर को देने के लिए दिखाई गई अगर उस तेजी से खरड़ के विकास की तरफ ध्यान दिया जाता तो आज खरड़ के ये हालात नहीं होते।








