भाखड़ा बांध से आज तीन बजे छोड़ा जाएगा पानी, निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका

नंगल। भाखड़ा नांगल विद्युत परियोजना के भाखड़ा बांध से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ने के लिए एमएमए की विस्तृत योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधक बोर्ड (BBMB) नंगल के वरिष्ठ डिज़ाइन इंजीनियर, जल विनियमन द्वारा मंगलवार को जारी पत्र के अनुसार बांध के द्वार तीन बजे से धीरे-धीरे खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में अपराह्न तीन बजे बाढ़ नियंत्रण द्वार एक फुट तक खोले जाएंगे, दूसरे चरण में अपराह्न चार बजे दो फुट तक तथा तीसरे चरण में अपराह्न पांच बजे रेडियल एवं बाढ़ नियंत्रण द्वार सहित तीन फुट तक खोले जाएंगे।
बीबीएमबी प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि पानी छोड़ने की प्रक्रिया सुचारू और सुरक्षित रूप से पूरी हो सके। बीबीएमबी के रिकार्ड के अनुसार आज सुबह छह बजे तक भाखड़ा बांध का जलस्तर 1665.06 फीट तक पहुंच गया था, जबकि बांध की सामान्य भंडारण क्षमता 1680 फीट है।








