
चंडीगढ़, 23 दिसंबर:
पंजाब सरकार ने चालू वर्ष 2025 के दौरान कुशल प्रशासन प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत राज्य के नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण से संबंधित 56 स्मार्ट सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध करवाई हैं। इन सेवाओं का लाभ आवेदक ऑनलाइन आवेदन करके, सेवा केंद्र के माध्यम से (कार्यालय समय के दौरान) या फिर 1076 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके अपने घर बैठे ही ले सकते हैं।
पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने यह जानकारी देते हुए कहा कि पंजाब सरकार पिछले लगभग साढ़े तीन वर्षों से आम नागरिकों को परिवहन क्षेत्र में बेहतर सेवाएं प्रदान कर रही है। इससे जहां लोगों की परेशानी कम हुई है, वहीं पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने के कारण भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि राज्य के नागरिकों के लिए ये सेवाएं विभाग की वेबसाइट http://www.parivahan.gov.in के माध्यम से 24 घंटे उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक आधार के जरिए घर बैठे ही इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी के स्मार्ट कार्ड चंडीगढ़ में एक ही स्थान पर प्रिंट कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदक के घर भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा पंजीकरण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा जैसे आवश्यक दस्तावेजों को डिजिटल प्लेटफॉर्म यानी एम-परिवहन और डिजी-लॉकर में सुरक्षित रखने तथा प्रवर्तन स्टाफ को दिखाने पर उन्हें मूल दस्तावेज के रूप में मान्यता दी गई है।
श्री भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य की महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक (15-10-2025 तक) महिला यात्रियों ने पंजाब रोडवेज/पनबस की बसों में लगभग 21 करोड़ मुफ्त यात्राओं का लाभ उठाया है, जिसके लिए राज्य सरकार ने करीब 1157 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
परिवहन मंत्री ने आगे बताया कि पंजाब सरकार ने नागरिकों के लिए ई-लर्नर लाइसेंस की सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत पात्र नागरिक बिना किसी परेशानी के आधार के माध्यम से घर बैठे ही अपना लर्निंग लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य सरकार ने मोटर वाहन डीलरों को भी आधार के जरिए नए वाहनों के मौके पर ही पंजीकरण की स्वीकृति देने के लिए अधिकृत किया है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और वाहन डीलर स्तर पर ही पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी किया जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब से दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक वॉल्वो बसें भी चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न शहरों से दिल्ली एयरपोर्ट तक पंजाब रोडवेज/पनबस की कुल 19 वॉल्वो बसें संचालित की जा रही हैं, जिनका किराया निजी बसों की तुलना में काफी कम है और ये बसें यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान कर रही हैं।









