
चंडीगढ़, 23 दिसंबर 2025:
पंजाब विधानसभा के स्पीकर सरदार कुलतार सिंह संधवां ने मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध कोटकपूरा साइकिल राइडर्स (रजिस्टर्ड) क्लब के सदस्य गुरप्रीत सिंह कमों को साइक्लिंग के माध्यम से डेढ़ लाख किलोमीटर की यात्रा पूरी करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया और कहा कि पूरे क्षेत्र को उन पर गर्व है। उल्लेखनीय है कि गुरप्रीत सिंह कमों पिछले 5–6 वर्षों से साइक्लिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनका 100 दिनों तक प्रतिदिन 100 किलोमीटर साइक्लिंग करने का रिकॉर्ड एशिया बुक और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
स्पीकर ने बताया कि गुरप्रीत सिंह कमों ने लगभग 50 साइक्लिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर फरीदकोट जिले का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही उन्होंने सुपर रैंडोनियर का खिताब और स्टार इंडिपेंडेंट अवॉर्ड भी हासिल किया है। उन्हें यू.एस.आई.एस. नामक कंपनी द्वारा भारतीय रत्न अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर सरदार कुलतार सिंह संधवां ने स्वस्थ जीवन जीने के लिए लोगों को नियमित व्यायाम, सैर करने और साइकिल चलाने की सलाह देते हुए इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइक्लिस्ट गुरप्रीत सिंह कमों की ये उपलब्धियां बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं, जो यह दर्शाती हैं कि यदि आपके भीतर जीतने या किसी भी लक्ष्य को हासिल करने का दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती और इसके लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती।
सरदार संधवां ने गुरप्रीत सिंह कमों के पूरे परिवार और कोटकपूरा साइकिल राइडर टीम के सभी सदस्यों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर मनप्रीत सिंह धालीवाल, रबाब सिंह और जशनप्रीत कौर धालीवाल भी उपस्थित थे।









