पंजाबराजनीति

राज्य को सीड कैपिटल के रूप में स्थापित करने के लिए पंजाब और इज़राइल करेंगे रणनीतिक कृषि साझेदारी

चंडीगढ़, 22 दिसंबर:

पंजाब को वैश्विक सीड कैपिटल के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार अत्याधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए इज़राइल के साथ रणनीतिक साझेदारी पर विचार कर रही है। इस संबंध में आज पंजाब भवन में पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सरदार गुरमीत सिंह खुड्डियां ने इज़राइल दूतावास के मंत्री एवं डिप्टी मिशन हेड श्री फारेस साएब के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

सरदार गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि यह सहयोग चार प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगा, जिनमें इज़राइल को अनाज बीजों का निर्यात, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू), लुधियाना और इज़राइली संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान–प्रदान, सिट्रस फलों का विनिमय तथा उन्नत जल प्रबंधन तकनीकों को अपनाना शामिल है।

कृषि मंत्री ने बताया कि चर्चा के दौरान इज़राइल की प्रभावी ‘एन-ड्रिप’ सिंचाई प्रणाली के कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया गया, जो 70 प्रतिशत तक पानी की बचत करती है और ऊर्जा की खपत को भी काफी कम करती है। इसके साथ ही, इज़राइल के उस मॉडल को अपनाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया, जिसके तहत 95 प्रतिशत उपचारित अपशिष्ट जल को पुनः कृषि प्रयोजनों के लिए उपयोग में लाया जाता है। इस मॉडल के अनुरूप, राज्य में सीवरेज और गांवों के तालाबों के पानी को उपचारित कर सिंचाई के लिए उपयोग करने हेतु इज़राइल की विशेषज्ञता को अपनाने पर भी चर्चा हुई।

सरदार गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि यह रणनीतिक साझेदारी पंजाब के किसान समुदाय के लिए लाभकारी और दूरदर्शी कदम साबित होगी। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य इज़राइल की तकनीक और विशेषज्ञता को अपनी कृषि क्षमता के साथ जोड़ते हुए जल संसाधनों का संरक्षण करना, किसानों की आय बढ़ाना और पंजाब को वैश्विक स्तर पर बीज उत्पादन तथा सतत कृषि पद्धतियों में अग्रणी बनाना है।”

कृषि अनुसंधान एवं विकास तथा उपचारित जल के पुनः उपयोग में सहयोग को और मजबूत करने के लिए श्री फारेस साएब ने पंजाब से एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को इज़राइल दौरे का निमंत्रण दिया और पंजाब से अनाज बीजों के आयात में गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली से इज़राइल के लिए सीधी हवाई उड़ान, जिससे यात्रा समय मात्र छह घंटे रह जाएगा, जनवरी 2026 में शुरू होगी।

इस बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव श्री अर्शदीप सिंह थिंद, एमडी पंजाब एग्रो हरगुंजित कौर, विशेष सचिव कृषि बलदीप कौर, कृषि निदेशक जसवंत सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button