पंजाबहोशियारपुर

होशियारपुर जिले में 1035 किलोमीटर सड़कों के निर्माण पर 400 करोड़ रुपये खर्च करेगी पंजाब सरकार – डॉ. राज कुमार चब्बेवाल

होशियारपुर, 8 जनवरी :
लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने जिला वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए बताया कि जल्द ही जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 1035 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा 400 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी गई है।
डॉ. चब्बेवाल ने आगे बताया कि पीडब्ल्यूडी के माध्यम से 344 करोड़ रुपये की लागत से 975 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह पंजाब मंडी बोर्ड द्वारा 60.35 करोड़ रुपये खर्च कर जिले में 74 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार जहां नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा, वहीं कंक्रीट की सड़कें भी बनाई जाएंगी। इसके साथ ही कई सड़कों को 18 फीट चौड़ा कर नया स्वरूप दिया जाएगा और कई स्थानों पर लोगों की जरूरत के अनुसार नई सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़कों के इस नेटवर्क का कार्य 31 मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि विकास के इस बड़े कार्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसलिए जो भी कंपनी जिस सड़क का निर्माण करेगी, वही आने वाले 5 वर्षों तक उस सड़क की मरम्मत के लिए भी जिम्मेदार होगी।
उन्होंने कहा कि 975 किलोमीटर के इस सड़क नेटवर्क से जहां यातायात सुचारू रूप से चलेगा, वहीं दुर्घटनाओं के ग्राफ में भी कमी आएगी। लोगों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना आसान होगा और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य लगातार तेज़ी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और इस पूरे वर्ष के दौरान सरकार ऐसे बड़े विकास परियोजनाएं पूरी करने जा रही है, जिनके बारे में विपक्षी पार्टियां सोच भी नहीं सकतीं।
उन्होंने कहा कि पंजाब एक लैंड-लॉक्ड राज्य है, इसलिए यहां सड़कों का मजबूत नेटवर्क बेहद जरूरी है। अच्छी और चौड़ी सड़कें जहां यातायात की गति को बढ़ाती हैं, वहीं पंजाब के व्यापार को आगे बढ़ाने में भी सड़कों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर की तर्ज पर ही राज्य के अन्य जिलों में भी पंजाब सरकार द्वारा सड़कों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button