
चंडीगढ़, 8 जनवरी :
मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के कृषि-बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री श्री मोहिंदर भगत के दिशा-निर्देशों में बागवानी विभाग, जो कि एआईएफ (कृषि अवसंरचना निधि) योजना को लागू करने के लिए राज्य नोडल एजेंसी है, ने अपने सतत प्रयासों के चलते पंजाब के कृषि-बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ) योजना के तहत परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सशक्त निगरानी के लिए पंजाब को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बागवानी मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने बताया कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा चंडीगढ़ में आयोजित एक क्षेत्रीय सम्मेलन के दौरान पंजाब को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ और ‘बेस्ट स्टेट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट’ के पुरस्कार प्रदान किए गए।
उन्होंने आगे बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक पंजाब में एआईएफ योजना के अंतर्गत कुल 31,076 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें ₹11,270 करोड़ का निवेश शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा ₹7,221 करोड़ के ऋण भी स्वीकृत किए गए हैं। कृषि अवसंरचना निधि योजना के लाभों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 7 वर्षों की अवधि के लिए ₹2 करोड़ तक के ऋण पर 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी प्रदान की जाती है, जबकि इस योजना के अंतर्गत ऋण की ब्याज दर अधिकतम 9 प्रतिशत तक सीमित रखी गई है।
उन्होंने बताया कि पंजाब बागवानी विभाग, जिसे एआईएफ योजना को लागू करने के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है, द्वारा एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9056092906 भी स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से इच्छुक किसान योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
‘बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ का यह पुरस्कार भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री अनबालगन पी. और उप सचिव श्रीमती रचना कुमार द्वारा डायरेक्टर बागवानी, पंजाब तथा एआईएफ योजना की स्टेट नोडल अधिकारी श्रीमती शैलेंदर कौर को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त दूसरा पुरस्कार श्रीमती रवदीप कौर, टीम लीडर तथा श्री युवराज औलख, सलाहकार, स्टेट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट द्वारा प्राप्त किया गया।






