
चंडीगढ़, 9 जनवरी:
जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के सूत्रों ने आज बताया कि श्री इकबाल सिंह की शिकायत पर, दिल्ली विधानसभा में विपक्षी दल की नेता और विधायक श्रीमती आतिशी का एक वीडियो तकनीक के जरिए तोड़-मरोड़ कर गलत तरीके से अपलोड और प्रसारित करने के मामले में एफ.आई.आर. दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में आतिशी को कथित रूप से गुरुओं के खिलाफ अपमानजनक और निंदात्मक टिप्पणियाँ करते हुए दिखाया गया था, जिसे भड़काऊ शीर्षकों के साथ छोटे वीडियो क्लिप्स के रूप में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड और प्रसारित किया गया।
सूत्रों ने आगे बताया कि इस वीडियो क्लिप की वैज्ञानिक जांच की गई। श्रीमती आतिशी की ऑडियो वाली यह वीडियो क्लिप श्री कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (https://x.com/kapilmishra_ind/status/2008811019158847790?s=48) से डाउनलोड कर डायरेक्टर, फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी, पंजाब, SAS नगर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी गई थी।
फॉरेंसिक रिपोर्ट (09-01-2026) के अनुसार यह सामने आया कि श्रीमती आतिशी ने अपनी ऑडियो में कहीं भी “गुरु” शब्द नहीं बोला, जैसा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो क्लिप्स में दिखाया जा रहा था। असल में इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर इसे तकनीक के माध्यम से तोड़-मरोड़ कर अपलोड किया गया, जिसमें कुछ शब्द शामिल किए गए थे जो श्रीमती आतिशी ने कभी बोले ही नहीं।






