
मानसा, 10 जनवरी :
मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। बुज़ुर्ग हमारा अनमोल धरोहर हैं और वृद्धों की सेवा व देखभाल के लिए पंजाब सरकार ने 9.12 करोड़ रुपये की लागत से “सत्कार घर” का निर्माण किया है।
यह उद्गार पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने यहां सीनियर सिटीजन होम “सत्कार घर” के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि 72 बिस्तरों वाला और 3.50 एकड़ क्षेत्र में निर्मित यह “सत्कार घर” बुज़ुर्गों के लिए डे-केयर, भोजन, चिकित्सा सुविधाएं, लाइब्रेरी, योगा रूम और गेम रूम जैसी सुविधाएं निःशुल्क प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि बुज़ुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं तथा आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर उन्होंने “सत्कार घर” में रह रहे बुज़ुर्गों से मुलाकात की और उनका सम्मान किया। साथ ही राज्य स्तरीय ‘धियों’ (बेटियों) के कार्यक्रम के दौरान 21 नवजात बेटियों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बुढलाडा के विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार जहां नशे के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं करोड़ों रुपये के विकास कार्य भी जारी हैं।
इस मौके पर मानसा के विधायक डॉ. विजय सिंगला ने कहा कि पंजाब सरकार ने जरूरतमंद बुज़ुर्गों की वृद्धावस्था में सेवा और देखभाल के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि मानसा में जहां 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीवरेज परियोजना जारी है, वहीं सड़कों के निर्माण कार्य भी चल रहे हैं, जो आने वाले 3–4 महीनों में पूरे हो जाएंगे।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक श्रीमती विमी भुल्लर ने कहा कि विभाग बुज़ुर्गों, महिलाओं और बच्चों की भलाई के लिए लगातार विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है।
डिप्टी कमिश्नर मैडम नवजोत कौर, आईएएस ने कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर और सभी उपस्थित जनों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बुज़ुर्गों की सेवा और देखभाल सर्वोत्तम तरीके से की जाएगी तथा उन्हें घर जैसा वातावरण प्रदान किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. बलजीत कौर द्वारा एलीम्को और नेकी फाउंडेशन के सहयोग से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और चश्मों का वितरण किया गया। इसके अलावा शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों का सम्मान किया गया तथा बुज़ुर्गों को पेंशन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इससे पूर्व उन्होंने विभागीय योजनाओं और मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। मंच संचालन की भूमिका डॉ. सुमन बत्तरा ने निभाई।
इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड मानसा के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह भुच्चर, मार्केट कमेटी बुढलाडा के चेयरमैन सतीश सिंगला, मार्केट कमेटी भीखी के चेयरमैन वरिंदर सोनी, नगर परिषद मानसा के प्रधान सुनील कुमार नीनू, महिला विंग की प्रधान शरणजीत कौर, ज़ोन इंचार्ज जसविंदर कौर सहित विभाग के संयुक्त सचिव सामाजिक सुरक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आनंद सागर शर्मा, अतिरिक्त निदेशक श्री चरणजीत सिंह मान, डिप्टी डायरेक्टर इंदरप्रीत कौर, एसएसपी श्री भागीरथ सिंह मीना, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अनुप्रीता जौहल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) आकाश बांसल, अंडर ट्रेनिंग आईएएस गुरलीन कौर, एसडीएम मानसा काला राम कांसल, एसडीएम सरदूलगढ़ हरजिंदर सिंह जस्सल, एसडीएम बुढलाडा गगनदीप सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नवीन गड़वाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी खुशवीर कौर सहित अन्य विभागों के अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।






