
चंडीगढ़, 20 जनवरी:
पंजाब के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आज यहां पंजाब सिविल सचिवालय-1 के गुरुद्वारा साहिब में चौथा वार्षिक धार्मिक समारोह आयोजित किया गया।
दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित तथा नववर्ष के आगमन के अवसर पर आयोजित इस समारोह में श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई सरूप सिंह जी के जत्थे द्वारा भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत किया गया। इससे पूर्व संगत ने श्री सुखमनी साहिब का पाठ श्रवण किया। सरबत के भले के लिए अरदास की गई। इस अवसर पर गुरु का लंगर निरंतर वितरित किया गया।
इस धार्मिक समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा, श्री अमन अरोड़ा, सरदार गुरमीत सिंह खुड्डियां एवं सरदार हरदीप सिंह मुंडियां; ‘आप’ के जनरल सेक्रेटरी एवं मीडिया इंचार्ज श्री बलतेज सिंह पन्नू; जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री रामवीर; सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव श्रीमती गौरी प्रसार जोशी; स्पेशल डीजीपी सरदार अमरदीप सिंह राय; मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) श्री अमनजोत सिंह तथा डायरेक्टर मीडिया कम्युनिकेशन श्री अनिल सैनी; जनसंपर्क विभाग की डायरेक्टर डॉ. अक्षिता गुप्ता; अतिरिक्त डायरेक्टर श्री संदीप सिंह गढ़ा एवं डिप्टी सेक्रेटरी श्री दीपांकर गर्ग; सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त सचिव श्री तेजदीप सिंह सैनी; एडीओ-1 सुखविंदर सिंह; राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू तथा डॉ. निर्मल जौड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस धार्मिक समारोह में पंजाब सिविल सचिवालय-1, पंजाब सिविल सचिवालय-2, सीआईएसएफ तथा पंजाब विधानसभा के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित जनसंपर्क विभाग के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों तथा मीडिया कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विभाग के समस्त स्टाफ द्वारा स्वयं लंगर की सेवा की गई।
दस्तारों का लंगर लगाया गया
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पंजाब द्वारा आयोजित इस धार्मिक समारोह की विशेष बात यह रही कि इस अवसर पर दस्तारों का लंगर विशेष रूप से लगाया गया। विभाग के पूर्व कर्मचारी एवं प्रवासी पंजाबी अलीशान नरूला द्वारा विशेष रूप से दस्तारों की सेवा की गई और धार्मिक समारोह के दौरान समस्त स्टाफ ने रंग-बिरंगी दस्तारें सजाकर सेवा निभाई।









