
चंडीगढ़, 20 जनवरी:
मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने नगर निगम, लुधियाना में तैनात सीवरमैन (नंबरदार) बहादुर सिंह को 1,50,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर फोकल प्वाइंट लुधियाना के गांव जमालपुर अवाणा के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी सीवरमैन ने शिकायतकर्ता को नगर निगम लुधियाना में सीवरमैन के रूप में भर्ती करवाने के बदले 1,50,000 रुपये की रिश्वत तीन किस्तों में ली थी।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा रिश्वत की राशि लेते समय की वीडियो भी रिकॉर्ड कर ली थी। उल्लेखनीय है कि आरोपी बहादुर सिंह ने शिकायतकर्ता से ढाई साल तक सीवरेज की सफाई का काम भी करवाया, लेकिन इस कार्य के लिए उसे कोई वेतन नहीं दिया गया।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि यदि जांच के दौरान इस मामले में नगर निगम लुधियाना के किसी अन्य अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान उक्त आरोप सही पाए गए हैं। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो पुलिस थाना लुधियाना रेंज में मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।









