पंजाबराजनीति

पंजाब सरकार संतों, महापुरुषों और धार्मिक संप्रदायों के नेतृत्व में बड़े स्तर पर मनाएगी श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व: वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़, 29 जनवरी:

 

पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व बड़े स्तर पर मनाएगी। वर्ष भर चलने वाले ये आयोजन संतों, महापुरुषों और धार्मिक संप्रदायों के नेतृत्व में किए जाएंगे। इन आयोजनों की शुरुआत 4 फरवरी 2026 को खुरालगढ़ साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब जी के आरंभ के साथ होगी और इनका समापन फरवरी 2027 में होगा। नवंबर 2026 में खुरालगढ़ साहिब में कथा-कीर्तन दरबार और बेगमपुरा समागम आयोजित किया जाएगा, जिसमें धार्मिक एवं अन्य विशिष्ट हस्तियां भी भाग लेंगी।

 

कैबिनेट उप-समिति के चेयरमैन हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में आज यहां हुई समिति की पहली बैठक में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक, तरुणप्रीत सिंह सौंद, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी, सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली, सचिव पर्यटन कुमार अमित तथा डायरेक्टर टूरिज्म डॉ. संजीव तिवाड़ी उपस्थित थे। आज की बैठक में संत शत निर्मल दास जी, संत इंदर दास जी, संत जग्गीर सिंह जी, श्री सत्यवान जी, श्री कृष्ण कुमार जी एवं श्री राज कपूर जी डेरा बल्लां, बीबी संतोष कुमारी, स्कॉलर डॉ. राज कुमार हंस, डॉ. सोमा अत्री, श्री विजय आदि ने भी भाग लिया।

 

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व मनाएगी। समिति के समक्ष प्रस्तावित कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और यात्राओं से संबंधित कार्यक्रम फरवरी 2027 तक पूरे पंजाब में गांव-गांव आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेमिनार और वर्कशॉप, विशेष कीर्तन समागम, तीर्थ यात्राएं, स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताएं, डॉक्यूमेंट्री शो, ड्रोन शो, गुरु जी की स्मृति में सिक्का जारी करना, रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, मैराथन, शोभा यात्राएं, साइकिल रैलियां आदि कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं, जिन्हें संतों, महापुरुषों और विशेषज्ञों की सलाह से ही आयोजित किया जाएगा।

 

स. चीमा ने कहा कि इन आयोजनों की श्रृंखला में मासिक कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान चार शोभा यात्राएं—वाराणसी–खुरालगढ़ साहिब, फरीदकोट–खुरालगढ़ साहिब, बठिंडा–खुरालगढ़ साहिब और जम्मू–खुरालगढ़ साहिब—निकाली जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि इन आयोजनों के लिए एक विशेष लोगो तैयार किया जाएगा और श्री गुरु रविदास जी को समर्पित एक स्मारक सिक्का भी जारी किया जाएगा।

 

वित्त मंत्री ने बैठक में विशेष रूप से उपस्थित संतों और महापुरुषों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब सरकार पूर्ण श्रद्धा-भावना के साथ ये आयोजन करवा रही है और संतों, महापुरुषों, विशेषज्ञों एवं विद्वानों के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button