
फ़िरोज़पुर, 02 फरवरी :
हमारे बुज़ुर्ग हमारा मान हैं और बुज़ुर्गों की देखभाल, सम्मान व सेवा करना हम सभी का मूल कर्तव्य है। यह विचार अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) डॉ. निधि कुमुद बंबाह ने फ़िरोज़पुर में ‘हमारे बुज़ुर्ग हमारा मान’ के तहत 05 फरवरी को श्री रामबाग वृद्ध सेवा आश्रम, फ़िरोज़पुर छावनी में लगने वाले मेगा कैंप को लेकर ज़िले के अधिकारियों एवं एनजीओज़ के साथ आयोजित विशेष बैठक के दौरान व्यक्त किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा बुज़ुर्ग नागरिकों की देखभाल और उनकी भलाई के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु ‘हमारे बुज़ुर्ग हमारा मान’ योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ज़िले में 05 फरवरी 2026 को रामबाग, फ़िरोज़पुर छावनी में सुबह 10:00 बजे ज़िले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए मेगा कैंप लगाया जाएगा।
इस कैंप में बुज़ुर्गों की स्वास्थ्य जांच, ईएनटी चेकअप, नेत्र परीक्षण, कैंसर स्क्रीनिंग, एनसीडी स्क्रीनिंग, डिमेंशिया स्क्रीनिंग, ऑर्थोपेडिक चेकअप, वृद्धावस्था पेंशन के लिए पंजीकरण, सीनियर सिटीजन कार्ड, सेवानिवृत्त पेंशनरों की केवाईसी आदि सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कैंप से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि इस मेगा कैंप के दौरान नटराज रंग मंच, कोटकपूरा द्वारा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा तथा पुलिस विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा एवं साइबर अपराध से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने ज़िले के बुज़ुर्ग नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कैंप में शामिल होकर लाभ उठाएं।
बैठक में ज़िला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कंवलजीत सिंह, उप ज़िला शिक्षा अधिकारी (से. सि.) डॉ. सतिंदर सिंह, उप ज़िला शिक्षा अधिकारी (ए. सि.) कोमल अरोड़ा, डीपीओ रिचिका नंदा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एनजीओज़ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।









